हरिद्वार,15 मई (आरएनएस)। कनखल थाने में दर्ज एक मुकदमे में आरोपी की जमानत के लिए फर्जी जमानती पेश करने का मामला सामने आया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय न्यायालय हरिद्वार के आदेश पर सिडकुल थाने में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि न्यायालय को गुमराह कर विधि विरुद्ध तरीके से फर्जी जमानती पेश किए गए। सिडकुल थाना पुलिस को दी गई तहरीर में न्यायालय कर्मचारी कृष्णपाल निवासी हरिद्वार ने बताया कि फौजदारी के एक मुकदमे में आरोपी विकास कुमार निवासी प्रोजेक्ट कॉलोनी, जिला पौड़ी गढ़वाल की जमानत के संबंध में दो लोगों को जमानती के रूप में प्रस्तुत किया गया था। आरोप है कि यशपाल निवासी ग्राम महाराजपुर कला रायसी, थाना लक्सर और विजय सिंह निवासी ग्राम महाराजपुर कला रायसी, थाना लक्सर को जमानती बनाया गया था। आरोप है कि आरोपी विकास कुमार ने न्यायालय को गुमराह करते हुए फर्जी जमानती पेश किए। एसओ अजय शाह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

