हरिद्वार,15 मई (आरएनएस)। अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर भारतीय स्टेट बैंक के भेल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आगामी 25 और 26 मई को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने की घोषणा भी की। संघ के क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में विभिन्न शाखाओं से पहुंचे कर्मचारियों ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संदेश वाहकों एवं बैंक गार्ड की नियुक्ति, एनपीएस कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने का विकल्प, पेंशन विसंगतियों को दूर करना, आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर रोक, वर्ष 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए इंटर सर्किल ट्रांसफर प्रक्रिया दोबारा शुरू करना, कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा, क्रॉस सेलिंग प्रक्रिया में गलत तरीके से उत्पाद बेचने यानी मिस सेलिंग पर रोक तथा बोर्ड में कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति शामिल हैं। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत सोशल मीडिया अभियान और कैंडल मार्च भी चलाए जाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

