बलौदाबाज़ार, 16 मई (आरएनएस)। गांव की सड़कों पर तलवारनुमा चाकू लहराकर लोगों में खौफ फैलाने वाले युवक का आतंक आखिरकार खत्म हो गया, समाधान सेल में मिली एक सूचना ने पुलिस को सीधे आरोपी तक पहुंचा दिया और कुछ ही देर में हथियार समेत उसे दबोच लिया गया। जिले में आम लोगों की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के लिए शुरू किए गए समाधान सेल का असर अब जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भाठागांव (कोकडी) में एक युवक खुलेआम तलवारनुमा धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने और धमकाने में लगा था। इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और लोग सहमे हुए थे। इसी बीच किसी जागरूक नागरिक ने समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल कर पूरी जानकारी पुलिस तक पहुंचाई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम तत्काल एक्टिव हुई और बिना देर किए ग्राम भाठागांव (कोकडी) पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से 27 वर्षीय आरोपी महेश्वर उर्फ डीके निवासी भाठागांव थाना सिटी कोतवाली को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक तलवारनुमा धारदार चाकू बरामद किया गया जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राह चलते लोगों को हथियार दिखाकर भयभीत कर रहा था जिससे गांव में दहशत फैल गई थी। मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत धारा 25 और 27 आम्र्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है तथा उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि समाधान सेल के जरिए मिल रही सूचनाओं के कारण अपराधियों पर तेजी से शिकंजा कसा जा रहा है और आम जनता की सक्रिय भागीदारी से कई मामलों में तुरंत कार्रवाई संभव हो पा रही है। फिलहाल इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि अब सड़कों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा, क्योंकि जनता की एक सूचना सीधे सलाखों तक पहुंचा सकती है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

