रामपुर,16 मई (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी (एसपी) नेता आजम खान को हेट स्पीट मामले में 2 साल की सजा हुई है। आजम पहले से ही रामपुर जेल में बंद हैं। रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने आजम को दोषी पाते हुए 2 साल की सजा सुनाई है। ये मामला 2019 के लोकसभा चुनाव से जुड़ा है, जब आजम रामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे। प्रचार के दौरान उन्होंने कलेक्टर को लेकर विवादित बयान दिया था।
प्रचार के दौरान का आजम का एक वीडिया सामने आया था। इसमें वे कह रहे थे, सब डटे रहो, कलेक्टर-फलेक्टर से मत डरियो, ये तनखैया हैं, हम इनसे नहीं डरते। देखें हैं मायावती के कई फोटो कैसे बड़े-बड़े अफसर रुमाल निकालकर जूते साफ करते रहे हैं। उन्हीं से गठबंधन है। अल्लाह ने चाहा तो उन्हीं के जूते इनसे साफ कराऊंगा। तब आंजनेय कुमार सिंह रामपुर के कलेक्टर थे। उनके निर्देश पर आजम के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।
आजम के बयान के खिलाफ उडऩदस्ता प्रभारी घनश्याम त्रिपाठी ने भोट थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने आईटी अधिनियम की धारा 153ए और 153 बी के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने बयानों और जांच के बाद कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। सुनवाई पूरी होने के बाद आज कोर्ट ने फैसला सुनाया है। आजम पहले से ही कई मामलों में फंसे हुए हैं। ऐसे में उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

