० पद्मविभूषित जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज सुनाएंगे कथा, हनुमान ड्रोन से होगी पुष्प वर्षा, 1000 वालेंटियर और 100 नर्सिंग स्टाफ संभालेंगे व्यवस्था
सुरेश मिनोचा
एमसीबी/चिरमिरी, 16 मई (आरएनएस)। धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विराट संगम बनने जा रहा चिरमिरी नगर अब पूरी तरह राममय हो चुका है। गोदरीपारा स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में 17 मई से प्रारंभ होने वाले श्री राम कथा महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। श्री राम कथा आयोजन समिति चिरमिरी द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में पद्मविभूषित तुलसीपीठाधीश्वर जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज कथा व्यास के रूप में श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे, वहीं कथा मंच उद्बोधन आचार्य रामचंद्र दास महाराज द्वारा किया जाएगा।
17 मई रविवार से 26 मई 2026 मंगलवार तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन प्रात: 8:30 बजे यज्ञशाला पूजन तथा सायं 4 बजे से हरी इच्छा तक कथा का आयोजन होगा। आयोजन समिति के अनुसार कथा का शुभारंभ 17 मई को विशाल एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसमें 5100 से अधिक मातृ शक्तियां पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर शामिल होंगी।
हनुमान ड्रोन करेगा पुष्प वर्षा, 30 बैंड और दो रथ बनाएंगे माहौल दिव्य
आयोजन समिति ने बताया कि कलश यात्रा को ऐतिहासिक और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता और बजरंगबली की भव्य झांकियां शामिल होंगी, जो अन्य राज्यों से चिरमिरी पहुंच चुकी हैं। इसके साथ ही इंदौर, मध्यप्रदेश से विशेष हनुमान ड्रोन मंगाया गया है, जो यात्रा के दौरान मातृ शक्तियों के ऊपर आसमान से पुष्प वर्षा करेगा।
कलश यात्रा में 30 बैंड दल, दो डीजे और दो विशेष रथ शामिल रहेंगे। रामधुन और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय बनेगा। समिति ने बताया कि 501 युवा राम और हनुमान ध्वज लेकर यात्रा में शामिल होंगे, जो पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का संचार करेंगे।
सीता कुंड से कथा स्थल तक बिछेगा मैट, जगह-जगह शीतल पेयजल की व्यवस्था
मई माह की तेज गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सीता कुंड से कथा स्थल लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम तक पूरे मार्ग में मैट बिछाया जाएगा तथा उसे लगातार पानी से गीला रखा जाएगा, ताकि मातृ शक्तियों को गर्मी से राहत मिल सके।
यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, धर्मावलंबियों और समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह शीतल पेयजल एवं सेवा शिविर लगाए जाएंगे। आयोजन समिति ने दूरदराज से आने वाली महिलाओं के लिए बस और अन्य यातायात साधनों की व्यवस्था भी की है। समिति द्वारा सभी मातृ शक्तियों तक पीले वस्त्र और श्रीफल पहुंचाने का प्रयास भी किया गया है।
100 नर्सिंग स्टाफ और अस्थायी अस्पताल रहेगा तैयार
आयोजन समिति ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी व्यापक तैयारी की है। समिति के स्वास्थ्य प्रभारी ने बताया कि कलश यात्रा के साथ 100 नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अतिरिक्त कथा स्थल के समीप 10 बेड का अस्थायी अस्पताल तैयार किया गया है, जहां 4 डॉक्टरों की टीम द्वारा ईसीजी, ब्लड प्रेशर और शुगर जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही प्रदेश के बड़े अस्पतालों से भी समय-समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
20 से अधिक स्वागत द्वार और 1000 वालेंटियर संभालेंगे व्यवस्था
शहर में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए 20 से अधिक भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं। इन स्वागत द्वारों को व्यापारियों और आयोजन समिति के सहयोग से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र राममय दिखाई दे रहा है।
कथा स्थल और यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आई-कार्ड धारक 1000 वालेंटियर तैनात किए गए हैं। वहीं निशक्तजनों की सुविधा के लिए विशेष वालेंटियर नियुक्त किए गए हैं, जो पार्किंग स्थल से कथा स्थल तक उन्हें पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए कुल 9 पार्किंग स्थलों का चयन किया गया है, ताकि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
तीन ग्रीन रूम और वीवीआईपी व्यवस्था भी तैयार
मुख्य कथा स्थल के पीछे तीन विशेष ग्रीन रूम तैयार किए गए हैं। इनमें प्रथम और द्वितीय ग्रीन रूम गुरुदेव एवं उनके उत्तराधिकारियों के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि तीसरा ग्रीन रूम वीवीआईपी, संगठन पदाधिकारियों और विशेष अतिथियों के लिए सुरक्षित रखा गया है।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के कटआउट से सजा क्षेत्र, राम राज्य जैसा माहौल
कथा आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। विभिन्न मार्गों में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के स्वागत संदेशों वाले कटआउट लगाए गए हैं। वहीं व्यापारियों और समाजसेवियों द्वारा भी आकर्षक सजावट की गई है। आयोजन समिति का कहना है कि कथा शुरू होने से पहले ही पूरा क्षेत्र राम राज्य की अनुभूति कराने लगा है।
भोग-भंडारे में सहयोग की अपील
श्री राम कथा आयोजन समिति ने क्षेत्र के भामाशाहों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भोग-भंडारे एवं धार्मिक आयोजन में सहयोग कर पुण्य लाभ अर्जित करें। समिति का कहना है कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक बनेगा।
श्री राम कथा महोत्सव का दिनवार कार्यक्रम
17 मई 2026, रविवार
भव्य कलश यात्रा एवं कथा महत्व
18 मई 2026, सोमवार
रामवन गमन, भरत चरित्र
19 मई 2026, मंगलवार
भारद्वाज संवाद, शिव-पार्वती विवाह
20 मई 2026, बुधवार
श्री राम जन्मोत्सव
21 मई 2026, गुरुवार
धनुष यज्ञ, सीताराम विवाह
22 मई 2026, शुक्रवार
जटायु प्रसंग, हनुमान चरित्र
23 मई 2026, शनिवार
सुंदरकांड कथा
24 मई 2026, रविवार
अंगद-रावण संवाद, रावण वध
25 मई 2026, सोमवार
राम राज्य अभिषेक, पूर्णाहुति
26 मई 2026, मंगलवार
विशाल भंडारा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

