रायगढ़,16 मई (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमंडल अंतर्गत कापू वनपरिक्षेत्र के आलोला बीट में जंगल गए एक ग्रामीण का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने हाथी के हमले की आशंका जताई है। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, आलोला गांव निवासी कार्तिक राम बंजारा शुक्रवार सुबह तेंदूपत्ता तोडऩे के लिए जंगल गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन पूरी रात खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार को जंगल के भीतर कार्तिक राम का शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि जंगली हाथी के हमले में उसकी मौत हुई है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर कापू वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटाई। वन विभाग का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद इलाके में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में डर का माहौल है। फिलहाल वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

