रायपुर,16 मई (आरएनएस)।छत्तीसगढ़ कांग्रेस आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जून महीने में छत्तीसगढ़ दौरे की संभावना जताई जा रही है। करीब ढाई साल बाद राहुल गांधी राज्य के दौरे पर आएंगे। इससे पहले वे सितंबर 2023 में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस का बड़ा प्रशिक्षण शिविर 21 जून से 30 जून के बीच रायपुर के चंपारण में आयोजित किया जा सकता है। इस शिविर में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के शामिल होने की भी चर्चा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रस्ताव भेज दिया गया है और अब राहुल गांधी के कार्यालय से मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में नियुक्त 41 जिला कांग्रेस अध्यक्षों को शिविर में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बूथ मैनेजमेंट, जनसंपर्क, संगठन की कार्यप्रणाली और चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेता मार्गदर्शन देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के भी शिविर में शामिल होने की संभावना है।
कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान 2025-26 के तहत जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है। पार्टी इसे गुजरात मॉडल पर आधारित संगठनात्मक पुनर्गठन बता रही है, जिसमें बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी और जवाबदेही देने की रणनीति अपनाई जाएगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

