प्राक्टर ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के 13 छात्रों के खिलाफ प्रॉक्टर ने दर्ज कराई एफआईआर
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के दो छात्रावासों में कई दिनों से चल रहे देर रात के बवाल ने अब बड़ा रूप ले लिया है। बमबाजी, पत्थरबाजी, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप में कर्नलगंज थाने में 12 छात्रों और एक बाहरी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उधर सभी आरोपी छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निलंबित भी कर दिया है। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। एफआईआर विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. अतुल नारायण सिंह की ओर से दर्ज कराई गई है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पीसीबी छात्रावास का पूर्व छात्र औम गौड़ कई दिनों से प्रथम वर्ष के छात्रों को उकसाकर देर रात उपद्रव करा रहा था। आरोप है कि छात्रावासों के बाहर सड़क तक बमबाजी और पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं, जिससे परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से पुलिस को दिए गए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कई छात्रों की पहचान की गई। बताया गया कि कुछ फुटेज हॉस्टल के छात्रों ने भी उपलब्ध कराए हैं।
तहरीर में कहा गया है कि लगातार हो रही घटनाओं से छात्रावासों में अशांति फैल गई थी और किसी बड़ी घटना की आशंका बन गई थी। एफआईआर में पीसीबी छात्रावास के वैध छात्रों आयुष कुमार, हिमांशु त्रिपाठी, गोविंद कुमार, आदित्य यादव और कन्हैया समेत अन्य को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि ये छात्र देर रात समूह बनाकर उपद्रव में शामिल थे।
मामले का सबसे बड़ा पहलू सर सुंदर लाल छात्रावास के कक्ष संख्या-88 से जुड़ा है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अंकित नाम का एक बाहरी युवक अवैध रूप से कमरे में रह रहा था और उसी के नेतृत्व में पत्थरबाजी और बमबाजी की घटनाएं कराई जा रही थीं। प्रॉक्टर की ओर से कहा गया है कि यह कमरा वैध रूप से अरिहंत चौरसिया और शिवांश सिंह को आवंटित था, लेकिन दोनों ने बाहरी युवक को संरक्षण दिया। इसी आधार पर दोनों छात्रों को भी आरोपी बनाया गया है।
इस मामले में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर डॉ. अतुल नारायण सिंह ने बताया कि सभी 12 छात्रों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। यह पिछले 10 दिनों से लगातार रात में छात्रावास के बाहर सड़क पर आकर उपद्रव में शामिल थे। इन्हें लगातार समझाया गया, इसके बावजूद यह नहीं माने। उन्होंने बताया कि माहौल बिगाडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कर्नलगंज थाना के थाना प्रभारी संजय सिंह यादव ने बताया कि प्रॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उपलब्ध कराए गए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

