प्रयागराज 17 मई (आरएनएस)। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ ने पसमांदा समाज को संगठित कर उसकी आवाज़ को गांव, ब्लॉक, जिला और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। रविवार को आयोजित महाज़ की पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश इकाई की ऑनलाइन ज़ूम बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक समस्याओं के समाधान जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
महाज़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष परवेज़ हनीफ़ ने बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के भविष्य की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में प्रभावी कार्य के लिए संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करना आवश्यक है। इसलिए प्रदेश को चार प्रमुख क्षेत्रों पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में विभाजित कर कार्य को नई गति दी जाएगी।
श्री हनीफ़ ने कहा कि यदि समाज की आवाज़ सरकार तक पहुंचानी है तो पहले समाज के भीतर संगठनात्मक मजबूती और संवाद की संस्कृति विकसित करनी होगी।
राष्ट्रीय कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद यूनुस ने संगठन की वैचारिक दिशा स्पष्ट करते हुए कहा कि महाज़ का किसी व्यक्ति, संस्था या समुदाय से कोई टकराव नहीं है। इसका एकमात्र उद्देश्य पसमांदा समाज की सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उन्नति सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर संगठन मंत्री एडवोकेट सईद उज्जमान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शाइस्ता सलमानी, उत्तर प्रदेश सह-मीडिया सह-प्रभारी डॉ. मोहम्मद अज़हर और प्रदेश उपाध्यक्ष एवं लखनऊ कार्यालय प्रभारी अब्दुल इलियास सलमानी ने आगामी 13 जून को होने वाले सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर अफज़ल अंसारी, तनवीर फातिमा, सानिया अंसारी, फैयाज अलवी, एडवोकेट एजाज सहित विभिन्न जनपदों के पदाधिकारी एवं सदस्य आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

