रायपुर, 17 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर बुचडख़ाने ले जाए जा रहे मवेशियों से भरी पिकअप को जब लालबाग पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर घेरा तो तस्करों का पूरा खेल खुलकर सामने आ गया और पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर चार आरोपियों को दबोचते हुए 14 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में लालबाग पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर मवेशियों की तस्करी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर चौक पेंड्री के पास घेराबंदी की और हिकमतअमली से अशोक लीलैंड पिकअप क्रमांक एमएच 49 बीजेड 9132 तथा उसकी पायलटिंग कर रही होंडा अमेज कार क्रमांक एमएच 02 सीडब्ल्यू 5753 को रोक लिया। जांच में पुलिस ने देखा कि पिकअप वाहन में 04 नग भैंसों को ठूस-ठूसकर क्रूरता पूर्वक भरा गया था और उन्हें बिना चारा-पानी दिए महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 04 नग मवेशी कीमत लगभग 80 हजार रुपये, अशोक लीलैंड पिकअप कीमत 10 लाख रुपये, होंडा अमेज कार कीमत 3 लाख रुपये तथा 05 मोबाइल फोन कीमत 26,500 रुपये सहित कुल 14 लाख 06 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया। कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश शिवरतन भंवरिया उम्र 36 वर्ष निवासी वीएचबी कॉलोनी शांति नगर नागपुर, शाहरुख खान उम्र 31 वर्ष निवासी डॉक्टर अंबेडकर मार्ग ताज नगर नागपुर, मोहम्मद मुबाशिर उम्र 30 वर्ष निवासी शिवाजी रोड रोशन विद्यालय के पास पांचपावली नागपुर और मोहम्मद साजिद उम्र 38 वर्ष निवासी बुनकर कॉलोनी कामठी नागपुर महाराष्ट्र के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम तथा धारा 11(1)(घ), 11(1)(ज) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड लिया जा रहा है और पुलिस अब इस पूरे पशु तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। बहरहाल, लालबाग पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में मवेशी तस्करी करने वालों के लिए अब रास्ते आसान नहीं बचे हैं और कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
०



