दंतेवाड़ा, 17 मई (आरएनएस)। दंतेवाड़ा जिले के बचेली में मुण्डरा कैंप की टेकरी पर चोरी-छिपे चल रही जुए की महफिल पर पुलिस ने ऐसा धावा बोला कि ताश के पत्तों पर लग रहे दांव पलभर में बिखर गए और जुआरियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई चला रही बचेली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जुआ रेड कर तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा और नकदी समेत जुआ सामग्री जब्त कर इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन और एसडीओपी किरंदुल कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 मई 2026 को बचेली थाना पुलिस को सूचना मिली कि मुण्डरा कैंप टेकरी के पास कुछ लोग पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके से चमोरा कोरकोरा, विजय भतरा और जोसेफ हरीजन निवासी मुण्डरा कैंप बचेली को जुआ खेलते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1870 रुपये नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही जुआ सामग्री जब्त कर आरोपियों के खिलाफ थाना बचेली में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 3(2) में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक हेमंत कुमार साहू, लोचन प्रसाद पैकरा, सहायक उप निरीक्षक सोहन ठाकुर, गोवर्धन निर्मल, प्रधान आरक्षक नरेश मंडल, मेहतु कोर्राम तथा आरक्षक रामप्रसाद कश्यप, हीरा रात्रे, उमाशंकर ठाकुर, नंदलाल कुंजाम और प्रताप सिंह मरकाम की अहम भूमिका रही। फिलहाल, बचेली पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और गैरकानूनी गतिविधियों पर अब लगातार सख्त प्रहार जारी रहेगा और कानून तोडऩे वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

