राजनांदगांव, 17 मई (आरएनएस)। चिखली तालाब पार में पकड़ी गई गांजा तस्करी की कड़ी आखिरकार मुख्य सप्लायर तक पहुंच गई और कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी ‘छोटू को पुलिस ने मुखबिरों के जाल और सटीक घेराबंदी के बाद दबोचकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चौकी चिखली पुलिस ने 15 मई 2026 को चिखली तालाब पार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नेहा मरकाम को 2 किलो 492 ग्राम मादक पदार्थ गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ा था। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से लगभग 24 हजार 920 रुपये कीमत का गांजा जब्त कर उसे जेल भेज दिया था, लेकिन इस पूरे मामले का मुख्य सप्लायर नबी हुसैन उर्फ सोहेल खान उर्फ छोटू फरार चल रहा था। इसके बाद चौकी चिखली पुलिस ने रमन बाजार क्षेत्र में मुखबिर तैनात कर लगातार निगरानी शुरू की और सूचना मिलते ही आरोपी सोहेल उर्फ छोटू पिता नुर हसन उम्र 27 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 10 रमन बाजार ओपी चिखली जिला राजनांदगांव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगी नेहा मरकाम के साथ मिलकर अवैध गांजा बिक्री के लिए मादक पदार्थ उपलब्ध कराना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, आरक्षक गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी और चिखली पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। बहरहाल, चिखली पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में नशे का कारोबार चलाने वालों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है और पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

