नारायणपुर,17 मई (आरएनएस)। पुलिस अब सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव लोगों को सड़क सुरक्षा और वैध ड्राइविंग के प्रति जागरूक करने के मिशन में जुट गई है। माड़ मैत्री अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों, युवाओं और वाहन चालकों के लिए ड्राइविंग लाइेंस एवं यातायात जागरूकता शिविर के दूसरे चरण का आयोजन 18 मई 2026 को किया जाएगा। पहला चरण 15 मई को सफलतापूर्वक आयोजित होने के बाद अब दूसरे चरण में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। यह शिविर सुबह 10 बजे से क्रीड़ा परिसर नारायणपुर में शुरू होगा, जहां नागरिक ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के साथ-साथ यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य लोगों को वैध दस्तावेजों के साथ सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना और सड़क हादसों पर रोक लगाना है। शिविर में शामिल होने वाले लोगों को आधार कार्ड, 8वीं या 10वीं की मार्कशीट, 6 माह पुराना पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और छत्तीसगढ़ मूल निवासी प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। लाइसेंस प्रक्रिया के लिए केवल रजिस्ट्रेशन शुल्क लिया जाएगा। नारायणपुर पुलिस ने युवाओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं। बहरहाल, माड़ मैत्री अभियान अब नारायणपुर में पुलिस और जनता के बीच भरोसे की नई सड़क तैयार करता नजर आ रहा है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

