सूरजपुर,17 मई (आरएनएस)। पुलिस परिवार ने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने एक मां के दुख के बीच उसे आर्थिक संबल देकर भावुक कर दिया। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत आरक्षक समीत एक्का की मां सुनीता एक्का को 10 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि का चेक सौंपा। यह राशि आरक्षक की सामान्य मृत्यु के बाद बीमा क्लेम प्रक्रिया पूरी होने पर प्रदान की गई। जिला पुलिस बल सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक समीत एक्का का 31 जनवरी 2026 को निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। घटना के बाद सूरजपुर पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक कलेक्ट्रेट शाखा ने आवश्यक दस्तावेजों को संकलित कर बीमा क्लेम की पूरी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया। शुक्रवार 15 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर और एसबीआई कलेक्ट्रेट ब्रांच के शाखा प्रबंधक अफसर जमील ने दिवंगत आरक्षक की मां सुनीता एक्का को 10 लाख रुपये का बीमा चेक प्रदान किया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया और मौजूद पुलिस अधिकारी व परिजन भी भावनात्मक नजर आए। कार्यक्रम में एसबीआई के दीपक सिंह सहित दिवंगत आरक्षक के परिजन भी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देना है ताकि संकट की घड़ी में परिवार खुद को अकेला महसूस न करे। इस पहल ने यह भी साबित किया कि पुलिस विभाग केवल ड्यूटी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने जवानों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ा रहता है। बहरहाल, समीत एक्का अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी सेवा और उनके परिवार के प्रति विभाग की संवेदनशीलता ने पुलिस परिवार के रिश्तों को और मजबूत कर दिया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

