रायपुर, 17 मई (आरएनएस)। रायपुर की सड़कों पर शराब पीकर स्टेयरिंग संभालने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि एक ही रात में 63 नशेड़ी वाहन चालक पुलिस के जाल में फंस गए और अब तक पूरे शहर में 2978 शराबी ड्राइवरों पर कार्रवाई कर पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि नशे में गाड़ी चलाना अब भारी पड़ेगा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सड़क हादसों पर लगाम लगाने और शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम रखने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देश पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 16 मई 2026 की रात एसीपी यातायात सतीश ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख चौकों तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भ_ागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। रातभर चली इस कार्रवाई में यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शराब पीकर वाहन चला रहे कुल 63 चालकों को पकड़ा जिनमें 41 कार चालक, 10 मोटरसाइकिल चालक, 07 टाटा एस वाहन चालक, 02 मेटाडोर और 03 ट्रक चालक शामिल रहे। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत चालानी कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक यह अभियान किसी टारगेट को पूरा करने के लिए नहीं बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों की जान बचाने और यातायात अनुशासन मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस ने साफ कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाना सिर्फ कानून तोडऩा नहीं बल्कि खुद और दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ करना है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग न करें, स्पीड लिमिट का पालन करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति बिल्कुल न दें। बहरहाल, रायपुर यातायात पुलिस की यह सख्त कार्रवाई उन लोगों के लिए खुली चेतावनी है जो नशे में सड़क को रेस ट्रैक समझते हैं, क्योंकि अब हर चौराहे पर पुलिस की नजर और कानून का डंडा दोनों तैयार खड़े हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

