रायपुर, 17 मई (आरएनएस)। छठ तालाब के पास दिनदहाड़े हाथ में धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक का आतंक उस वक्त खत्म हुआ जब आमानाका पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया और इलाके में मची अफरा-तफरी पर तुरंत काबू पा लिया। रायपुर पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आमानाका पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि हीरापुर स्थित छठ तालाब सामुदायिक भवन के सामने एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सउनि श्याम ठावरे, आरक्षक दीपक पाण्डेय और आरक्षक आशीष शुक्ला की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा लेकिन जवानों ने तेजी दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फैजल अहमद अंसारी पिता अज्ञात उम्र 22 वर्ष निवासी रोटरी नगर रायपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया। पुलिस द्वारा चाकू रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जोन पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में की गई। थाना आमानाका पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है और साफ संकेत मिल गया है कि रायपुर में कानून हाथ में लेकर दहशत फैलाने वालों को अब सीधे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

