देहरादून,17 मई (आरएनएस)। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) उत्तराखंड इकाई ने सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और बेहतर कार्य स्थितियों की मांग को लेकर संघर्षरत मजदूरों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। राज्य सचिव राजेन्द्र पुरोहित ने कहा कि हम सेलाकुई के उन हजारों साहसी श्रमिकों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने न्याय, सम्मान और अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर आकर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि सेलाकुई में मजदूरों की लगातार अनदेखी की जा रही है। बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन में गुजारा करना मुश्किल हो गया है। लेबर कमिश्नर और प्रबंधन के बीच बातचीत के बाद भी मजदूरों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने प्रशासन द्वारा मजदूरों पर किए गए लाठीचार्ज को लेकर आक्रोश जताया है और पथराव के आरोपों में 600 अज्ञात मजदूरों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग करते हैं। सीपीआईएम ने मजदूरों से संयम बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन से मांग की है कि मजदूरों की मांगों को गंभीरता से सुना जाए और एक पारदर्शी वार्ता के जरिए, श्रम कानूनों का पालन किया जाए। ताकि आंदोलन का सम्मान जनक समाधान हो सके। पार्टी ने विंडलास के मजदूरों के आंदोलन का समर्थन किया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

