चमोली,17 मई (आरएनएस)। बहुगुणा विचार मंच के गढ़वाल/कुमाऊं संयोजक व वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश पुजारी ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को ज्ञापन सौंपकर रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली में निर्माणाधीन सैनिक स्कूल भवन का निर्माण कार्य पूरा कर इसके संचालन की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जखोली में वर्ष 2015 से सैनिक स्कूल की स्थापना को केंद्र व प्रदेश सरकार की स्वीकृति मिली थी। इसके निर्माण पर करोड़ों रुपये भी खर्च कर दिए गए हैं मगर अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इसकी स्थापना के लिए 10 करोड़ रुपये भी आवंटित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल के निर्माण के लिए ग्रामीणों ने अपनी 1700 नाली भूमि भी दान दी है। प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने भी स्कूल के संचालन के लिए काफी प्रयास किए लेकिन आज भी स्थिति जस की तस बनी है। उन्होंने शीघ्र भवन का निर्माण पूरा कर स्कूल का संचालन शुरू करवाने की मांग की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

