०डोंगरगढ़ के पलांदूर गांव में मंचीय कार्यक्रम के दौरान मचा हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार=
राजनांदगांव/डोंगरगढ़,18 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब मंचीय कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। घटना में ग्राम सरपंच मानिकलाल वर्मा घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है।जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में भाषण चल रहा था, तभी गांव निवासी जितेंद्र यादव (36) ने अचानक हमला कर दिया। घटना होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।चाकूबाजी की इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए भगदड़ और तनाव की स्थिति बन गई। घायल सरपंच को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।गौरतलब है कि प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2026 के तहत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां प्रशासन ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान का दावा कर रहा है। इसी बीच डोंगरगढ़ क्षेत्र में सरकारी कार्यक्रमों के दौरान विवाद और विरोध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।कुछ दिनों पहले भी डोंगरगढ़ में पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को घंटों घेर लिया था, जिसके बाद पुलिस हस्तक्षेप करना पड़ा था।अब पलांदूर में हुई चाकूबाजी की घटना ने सरकारी आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी हुई है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

