०आर्थिक अभाव नहीं बना शिक्षा में बाधा, बीजापुर के बच्चों ने प्रतिष्ठित विद्यालयों में पाया प्रवेश
बीजापुर,18 मई(आरएनएस)। शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव होती है। जब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलता है, तब उनके सपनों को नई दिशा और नई उड़ान मिलती है। ऐसी ही उम्मीद और परिवर्तन की मिसाल बन रही है अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना, जिसने श्रमिक परिवारों के बच्चों के जीवन में नई रोशनी भर दी है।यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा, उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रवेश, शैक्षणिक सहायता तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बन रही है। बीजापुर जिले में भी इस योजना ने कई परिवारों के सपनों को साकार करने का कार्य किया है।ग्राम मद्देड़, विकासखंड भोपालपटनम की छात्रा अक्षया पिता-रामपति रमेश का चयन राजनांदगांव स्थित संस्कार सिटी इंटरनेशनल स्कूल में हुआ है। वहीं बीजापुर नगर के राजेंद्र प्रसाद वार्ड निवासी अतीस वारोगेम माता- नागमणि वारोगेम का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में तथा संजना वारोगेम का चयन राजकुमार कॉलेज रायपुर में हुआ है। इन बच्चों की उपलब्धियों ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।इन विद्यार्थियों के माता-पिता बताते हैं कि वे बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। सीमित आय के कारण बच्चों को बेहतर विद्यालयों में पढ़ाना उनके लिए लगभग असंभव था। वे चाहते थे कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें, लेकिन आर्थिक स्थिति बार-बार उनके सपनों के सामने बाधा बन रही थी।श्रम विभाग में पंजीयन के बाद उन्हें अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत बच्चों को प्रतिष्ठित विद्यालयों में प्रवेश का अवसर मिला, जिससे उनके परिवारों में नई उम्मीद जगी। पहले जहां बच्चे सामान्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययन कर रहे थे, वहीं अब वे उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण में आधुनिक सुविधाओं के साथ शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।माता-पिता बताते हैं कि बच्चों की पढ़ाई में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है, नई चीजें सीखने की उत्सुकता पैदा हुई है और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह अब पहले से कहीं अधिक आसान दिखाई दे रही है।अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना आज उन श्रमिक परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बन रही है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं दिला पा रहे थे। यह योजना केवल शिक्षा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने और समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

