दुर्ग 18 मई (आरएनएस) दोपहर की चंद सेकंड की लापरवाही ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी और सुपेला चौक पर रेड सिग्नल तोड़कर मौत बनकर दौड़ी तेज रफ्तार कार ने दो लोगों की जिंदगी छीन ली, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहा है। दुर्ग के चंद्रा मौर्य चौक पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद सुपेला पुलिस ने फरार आरोपी कार चालक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आपराधिक मानव वध का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजकर 38 मिनट पर काले रंग की फोर्ड कार क्रमांक CG-07-BR-0571 का चालक सागर जायसवाल तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए रेड सिग्नल तोड़कर सीधे सिग्नल पर खड़े दोपहिया वाहनों में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई वाहन दूर तक घिसट गए। हादसे में नूर खान और मनोहर कुमार गोनाडे की मौके पर मौत हो गई, जबकि सलीम अली गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस तत्काल घटनास्थल और अस्पताल पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ, घटनास्थल निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही देर में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर जायसवाल पिता का नाम उल्लेखित नहीं, उम्र 28 वर्ष, निवासी मकान नंबर बी/70 आम्रपाली वनांचल सिटी, थाना जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फोर्ड कंपनी की कार क्रमांक CG-07-BR-0571 और वाहन संबंधी दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सागर जायसवाल पूर्व में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 460/2025 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट यानी चिट्टा मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इस पूरे मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 695/2026 के तहत धारा 128, 125(ए), 105 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक तेज रफ्तार और रेड सिग्नल की अनदेखी ही इस भयावह हादसे की सबसे बड़ी वजह बनी। मामले की कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, सउनि राजेश तिवारी, पूरनलाल साहू, प्रधान आरक्षक योगेश चंद्राकर, आरक्षक अजीत यादव, दुर्गेश सिंह राजपूत और मिथलेश साहू की अहम भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय रफ्तार और लापरवाही से बचें, क्योंकि एक छोटी गलती कई घरों में मातम फैला सकती है। फिलहाल, सुपेला चौक का यह हादसा शहर के लिए बड़ा चेतावनी संकेत बन गया है कि सड़क पर कानून तोड़ने वालों के लिए अब पुलिस की कार्रवाई और भी सख्त होने वाली है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

