कुशीनगर, 18 मई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के आह्वान पर जनपद में एनएचएम संविदा कर्मियों ने सोमवार से अपनी मांगों को लेकर सांकेतिक विरोध शुरू कर दिया है। सभी संविदा कर्मियों ने काला फीता बांधकर कार्य किया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ कुशीनगर के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पांडेय व गोरखपुर मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव लड्डू ने संयुक्त रूप से बताया कि यदि 20 तारीख तक शासन एनएचएम संविदा कर्मियों की मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाता है तो आगामी 21 मई से पूरे प्रदेश में ‘नो वर्क, नो पेÓ के आधार पर कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय ने चेतावनी दिया कि सांकेतिक हड़ताल 20 तारीख तक चलेगी। इसके बाद मांगें न माने जाने पर पूरे जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। संघ की प्रमुख मांगों में संविदा कर्मियों के मानदेय का समय से भुगतान, नियमितीकरण, समान कार्य समान वेतन और सेवा सुरक्षा आदि शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजर अंदाज किया जा रहा है। जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

