० नगर पालिका अध्यक्ष ने मंत्री नेताम का जताया आभार
रामानुजगंज, 18 मई (आरएनएस)। नगर पालिका परिषद रामानुजगंज को शहर के समग्र विकास की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। जनभावनाओं के अनुरूप नगर में अधोसंरचना विकास को गति देते हुए विभिन्न वार्डों में कंक्रीट सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए कुल 576.46 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों में शहर के वार्ड क्रमांक 3, 5 एवं 7 के मध्य सर्वसुविधायुक्त शादी घर निर्माण हेतु डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 5 एवं 6 के मध्य स्थित अंबेडकर तालाब तथा वार्ड क्रमांक 13 स्थित वर्षों पुराने अटल स्मृति तालाब के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी स्वीकृति मिली है। इसके अतिरिक्त विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु सड़क एवं नाली निर्माण कार्य किए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान नगर पालिका परिषद को इससे पूर्व भी शहर विकास के विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए स्थानीय विधायक एवं मंत्री राम विचार नेताम के प्रयासों से लगभग 12 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। लगातार मिल रही इन स्वीकृतियों से नगर में अधोसंरचना विकास को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह सभी विकास कार्य रामानुजगंज के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने इन जनहितकारी विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयासरत लोकप्रिय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम , छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग एवं जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों से रामानुजगंज नगर निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

