-4.92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा मल्टी स्पोट्र्स इंडोर हॉल
-छात्रों को खेल प्रतिभा निखारने के लिए मिलेगी आधुनिक खेल सुविधाएं
-इंडोर स्टेडियम में प्लम्बिंग, सीवरेज व विद्युतीकरण कार्य भी होंगे शामिल
अयोध्या 18 मई (आरएनएस)। अयोध्या में राजकीय इंटर कॉलेज में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। यह मल्टी-स्पोट्र्स इंडोर हॉल छात्रों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और स्थानीय युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना की कुल मूल लागत 4.92 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य सीएंडडीएस व उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा किया जाएगा। एक वर्ष के अंदर निर्माण पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है।परियोजना के तहत मल्टी-स्पोट्र्स इंडोर हॉल के निर्माण के साथ-साथ आंतरिक एवं बाहरी प्लंबिंग, सेनेटरी व सीवरेज कार्य, आंतरिक विद्युतीकरण तथा अन्य संबंधित अवस्थापना कार्य भी शामिल किए गए हैं। यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खेल-प्रोत्साहन और युवा विकास के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अयोध्या को सांस्कृतिक नगरी के साथ-साथ आधुनिक खेल सुविधाओं से भी सुसज्जित करने की दिशा में यह इंडोर स्टेडियम नया आयाम जोड़ेगा।
20 जनवरी 2026 तक विभाग को 216 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। हालांकि, निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है क्योंकि कार्यस्थल पर मौजूद जीर्ण-शीर्ण भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही पूर्ण नहीं हुई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जा सकेगा। राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र अब इनडोर सुविधाओं में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों का अभ्यास करने का बेहतर माहौल मिल सकेगा। खासकर वर्षा ऋतु और सर्दियों में भी छात्र बिना किसी बाधा के नियमित प्रशिक्षण ले सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ पवन कुमार तिवारी ने बताया कि ध्वस्तीकरण कार्य शीघ्र पूरा होते ही निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ेगा। परियोजना पूरी होने के बाद अयोध्या के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के छात्र-खिलाडिय़ों को भी लाभ मिलेगा। यह सुविधा न केवल शारीरिक विकास बल्कि अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धी मानसिकता विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होगी। अयोध्या में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की इस पहल से स्थानीय युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

