रायपुर, 18 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने लूट और वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना आमानाका पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में दो बालिग समेत चार नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों ने चाकू की नोक पर लूट और मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
जानकारी के अनुसार, 15-16 मई 2026 की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच रैपिडो बाइक चालक शुभम सेठिया महोबा बाजार से एम्स अस्पताल के लिए बुकिंग लेकर जा रहा था। इसी दौरान डूमर तालाब चौक के पास 5-6 अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसकी बाइक की चाबी छीन ली और सोने की चेन, एप्पल कंपनी का ब्लूटूथ तथा पर्स में रखे एक हजार रुपये लूट लिए।
इसके बाद आरोपी युवक को धमकाते हुए महोबा बाजार स्थित एसबीआई एटीएम ले गए, जहां उससे जबरन 4 हजार रुपये निकलवाकर फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत पर थाना आमानाका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं दूसरे मामले में डूमर तालाब क्षेत्र निवासी एक युवक की होंडा लीवो मोटरसाइकिल (सीजी-07-बीसी-9166) घर के बाहर से चोरी हो गई थी। बाइक की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है। सुबह वाहन गायब मिलने पर पीडि़त ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी करण यादव (19 वर्ष) निवासी दहीयान डूमर तालाब और धनेश्वर निर्मलकर (18 वर्ष) निवासी डूमर तालाब को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा चार नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय और बाल न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

