०दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दोनों दलों ने दिखाई ताकत, विकास को बनाया मुख्य मुद्दा
सूरजपुर,18 मई (आरएनएस)। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बने शिवनंदनपुर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने समर्थकों और नेताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने अध्यक्ष पद प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल किया।भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भुलन सिंह मरावी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन जमा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।वहीं कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी ने पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रैली निकालकर नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस समर्थकों की भी बड़ी भीड़ इस दौरान देखने को मिली।नामांकन के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दावा किया कि प्रदेशभर में भाजपा के पक्ष में माहौल है ौर शिवनंदनपुर में भी पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ नगर पंचायत का विकास किया जाएगा। साथ ही पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी से इनकार करते हुए सभी कार्यकर्ताओं के एकजुट होकर चुनाव लडऩे की बात कही।भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने नगर में मूलभूत सुविधाओं के विकास, सड़क, पानी और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित दुकान उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताया।दूसरी ओर कांग्रेस की नव नियुक्त जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी कांग्रेस के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है और किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है।कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी ने भी नगर की मूलभूत समस्याओं को चुनावी मुद्दा बताते हुए कहा कि जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है।नामांकन के आखिरी दिन दोनों दलों ने शक्ति प्रदर्शन के जरिए चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है। अब निगाहें 4 जून को आने वाले परिणामों पर टिकी हैं, जब शिवनंदनपुर नगर पंचायत को उसका पहला निर्वाचित अध्यक्ष मिलेगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

