दुर्ग 18 मई (आरएनएस) हैदराबाद की आलीशान सोसायटियों से चल रहा ऑनलाइन आईपीएल सट्टे का ऐसा काला साम्राज्य दुर्ग police ने तोड़ा है, जहां गरीबों के बैंक खाते, फर्जी सिम और म्यूल अकाउंट के जरिए करोड़ों रुपये का खेल खेला जा रहा था और अब इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड पुलिस के शिकंजे में है। दुर्ग पुलिस की एसीसीयू और थाना छावनी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल, 23 पासबुक, 107 एटीएम कार्ड, करीब 20 सिम कार्ड और 2 लाख 57 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच में करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है जबकि इन्हीं खातों से जुड़ी 63 साइबर शिकायतें भी सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड कुरूद निवासी 23 वर्षीय कुणाल वर्मा है, जो ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए पैनल खरीदता था और स्लम एरिया व गरीब लोगों के नाम पर खुलवाए गए बैंक खातों को म्यूल अकाउंट बनाकर करोड़ों की रकम घुमाता था। मामले की शुरुआत 16 मई 2026 को हुई जब पुलिस ने चरौदा निवासी जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को विभिन्न बैंक खातों के साथ पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह अलग-अलग लोगों से बैंक खाते खुलवाकर उनकी पासबुक, एटीएम, चेकबुक और नए सिम कार्ड 25 हजार रुपये प्रति खाते के हिसाब से कुणाल वर्मा को बेचता था। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि हैदराबाद के अल्फापुरम स्थित एसएस रेसीडेंसी और शमसाबाद की नक्षत्र सोसायटी में आईपीएल सट्टे का बड़ा पैनल ऑपरेट किया जा रहा था, जहां स्थानीय युवकों को बैठाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपी विक्की कुमार साहू पिता स्वर्गीय जितेन्द्र साहू उम्र 24 साल निवासी चंडी मंदिर मठपारा दुर्ग, अभिषेक भारती पिता राम ईश्वर भारती उम्र 23 साल निवासी वृंदानगर केम्प-1 भिलाई, गुफरान खान पिता मन्नान खान उम्र 32 साल निवासी नूर महल नूरानी बस्ती थाना शाहजहानाबाद भोपाल, राजकुमार पासवान पिता मनोज पासवान उम्र 27 साल निवासी इंदिरा नगर राजेन्द्र प्रसाद गदा चौक सुपेला, तुकेश्वर साहू पिता राजेन्द्र कुमार साहू उम्र 21 साल निवासी वृंदानगर केम्प-1 गणेश मंदिर के पास भिलाई, जेदखान पिता मन्नान खान उम्र 25 साल निवासी नूर महल नूरानी बस्ती थाना शाहजहानाबाद भोपाल, के श्रीनू पिता स्वर्गीय के ताता राव उम्र 25 साल निवासी केम्प-1 वृंदानगर भिलाई, शेख सद्दाम पिता रोज इलम उम्र 24 साल निवासी वृंदानगर केम्प-1 भिलाई, विकास राय पिता विरेन्द्र राय उम्र 21 साल निवासी इंदिरा नगर ग्रामराज लॉन्ड्री के पास थाना सुपेला, विकास निषाद पिता ईश्वर राम निषाद उम्र 20 साल निवासी केम्प-1 वृंदानगर भिलाई, रोहित चौहान पिता छोटेलाल चौहान उम्र 21 साल निवासी शंकरपारा मराठा बस्ती के पास सुपेला, कुणाल वर्मा पिता नेतराम वर्मा उम्र 23 साल निवासी ढांचा भवन सांई मंदिर के पास कुरूद तथा प्रतीक पटेल पिता स्वर्गीय बेनु पटेल उम्र 20 साल निवासी रामनगर जहाज बिल्डिंग के सामने उड़िया मोहल्ला थाना वैशाली नगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं। थाना छावनी में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 319, 317(2), 317(4), 111, 61(2) एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए अलग-अलग राज्यों में टीमें रवाना की गई हैं। फिलहाल, आईपीएल के नाम पर चल रहे करोड़ों के इस डिजिटल सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की यह अब तक की सबसे बड़ी चोट मानी जा रही है।


