जैन स्कूल के विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
सिरसा 18 मई (आरएनएस)। सेठ सागरमल सुराणा जैन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय ताइक्वांडो ओपन चैंपियनशिप एवं वुशु ओपन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। जिला स्तरीय ताइक्वांडो ओपन चैंपियनशिप में विद्यालय की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल द्वितीय स्थान की ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं दूसरी ओर वुशु ओपन चैंपियनशिप में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सब-जूनियर गल्र्स कैटेगरी में तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 22 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 6 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल, 10 विद्यार्थियों ने सिल्वर मेडल तथा 4 विद्यार्थियों ने ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। लगभग 15 विद्यालयों की सहभागिता वाली इस प्रतियोगिता में जैन स्कूल की टीम ने उत्कृष्ट खेल भावना, टीमवर्क एवं प्रतिभा का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया तथा विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेणु बालाजी ने सभी खिलाडिय़ों, कोच कशिश, विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। सेठ सागरमल सुराणा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं विद्यालय प्रबंधक समिति के अध्यक्ष मक्खन लाल गोयल, प्रबंधक हनुमान मल गुजरानी, ट्रस्टी राजेंद्र गोलछा एवं ट्रस्टी देवेंद्र डागा ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को नगद राशि उपहार स्वरूप प्रदान कर प्रोत्साहित किया तथा निरंतर सफलता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

