सिरसा 18 मई (आरएनएस)। सन्त निरंकारी मिशन की महम्मदपुरिया ब्रांच के मंगालिया गांव के सन्त निरंकारी सत्संग भवन में सतगुरु बाबा गुरबचन सिंह एवं अन्य बलिदानी संतों की याद में रैडक्रॉस सोसायटी जिला सिरसा के सहयोग से व ब्लड बैंक सिविल अस्पताल सिरसा के मार्गदर्शन में रक्तदान कैंप का आयोजन किया गया। इस कैम्प में 122 युनिट रक्तदान मिशन के श्रद्धालुओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित सत्संग की अध्यक्षता बंसत कोमल ब्रह्मज्ञान प्रचारक लुधियाना ने की। अपने प्रवचनों में उन्होंने कहा कि संत महात्माओं के द्वारा दिया गया खून जिस भी इंसान को दिया जाता है उसकी जिंदगी तो बचती ही है साथ ही जीवन में भी सुंदर बदलाव आते हैं। इस अवसर पर महम्मदपुरिया, ऐलनाबाद, रानियां एवं मल्लेकां ब्रांच से सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया। इलाके के अनेकों गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर निरंकारी भवन मंगालिया पहुंचे। विशेषतौर पर सिविल अस्पताल रानियां के एसएमओ ओमप्रकाश ने इस कार्यक्रम में शिरकत की व मिशन द्वारा किए जा रहे मानवता के कार्यों की प्रशंसा की। सत्संग की सम्पन्नता पर लंगर (भण्डारा) वितरित किया गया। टोहाना जोन के जोनल इंचार्ज रमन नागपाल ने इस शिविर में आए सभी सन्तों का आभार व्यक्त किया। क्षेत्रीय संचालक सुरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में निरंकारी सेवादल द्वारा सभी सेवाओं को बखूबी निभाया गया। सतगुरु बाबा हरदेव सिंह महाराज ने कहा था कि इंसान का खून नाडिय़ों में बहना चाहिए नालियों में नहीं। उनकी प्रेरणा से 1986 से लगातार लगभग 9000 रक्तदान कैंप लगाकर सन्त निरंकारी मिशन द्वारा 15 लाख से अधिक युनिट रक्तदान किया जा चुका है। इस वर्ष 24 अप्रैल को एक ही दिन 200 से अधिक स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाकर 40 हजार युनिट रक्तदान मिशन द्वारा किया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

