दुर्ग 18 मई (आरएनएस) राजेंद्र पार्क चौक पर उर्स पाक की भीड़ के बीच सड़क हादसे में घायल महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन कुछ ही मिनटों में पहुंची दुर्ग यातायात पुलिस ने इंसानियत दिखाते हुए उसे अपनी पेट्रोलिंग गाड़ी में अस्पताल पहुंचाकर जिंदगी की जंग में सहारा दिया। दुर्ग यातायात पुलिस की यह संवेदनशील कार्रवाई रविवार को उस वक्त सामने आई जब यातायात निरीक्षक पी. डी. चंद्रा अपनी टीम के साथ उर्स पाक क्षेत्र में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान पब्लिक से सूचना मिली कि राजेंद्र पार्क चौक पर ई-रिक्शा और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर ई-रिक्शा क्रमांक CG07CR5041 और बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG09JQ2921 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले। हादसे में ई-रिक्शा में सवार 47 वर्षीय छाया तिवारी निवासी हनुमान नगर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और उनके पैर में फ्रैक्चर की चोट आई थी। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था, लेकिन यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत पेट्रोलिंग वाहन में बैठाया और सीधे जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना मोहन नगर के सुपुर्द कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में यातायात निरीक्षक पी. डी. चंद्रा और यातायात पेट्रोलिंग स्टाफ की त्वरित, मानवीय और संवेदनशील भूमिका की हर तरफ सराहना हो रही है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके। बहरहाल, भीड़ और अफरा-तफरी के उस पल में यातायात पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था संभालती नहीं दिखी, बल्कि घायल महिला के लिए फरिश्ता बनकर सामने आई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

