लखनऊ, 18 मई (आरएनएस ) । पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित 70वें रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल एवं पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता की उपस्थिति में मंडल के 48 कर्मचारियों सहित पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर द्वारा चयनित कुल 255 कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में 2 लाख 55 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के प्रतिनिधि कर्मचारियों को प्रतीकात्मक रूप से सम्मानित किया गया।मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ मंडल की उपलब्धियां कर्मचारियों की निष्ठा, कार्यकुशलता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश और बहुआयामी कार्यक्षेत्र में मंडल ने कार्यकुशलता, मितव्ययता, संरक्षा और यात्री सुविधा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर तीव्र गति से पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। आधारभूत संरचना विकास के तहत गोरखपुर कैंट-गोरखपुर तीसरी लाइन, करनैलगंज-घाघराघाट तीसरी लाइन तथा बहराइच-नानपारा खंड में विद्युतीकरण कार्य पूरा किया गया है। इसके साथ ही चार नए टावर वैगनों का संचालन प्रारंभ किया गया तथा सिद्धार्थनगर और परसा में माल टर्मिनल विकसित किए गए।मंडल में यात्री सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है। 34 स्टेशनों पर 80 स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं तथा ‘रेलवनÓ अनुप्रयोग के माध्यम से यात्रियों को विभिन्न डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लखनऊ सिटी स्टेशन को 17 नवंबर 2025 से महिला प्रधान स्टेशन घोषित किया गया। शताब्दी वर्ष (1926-2026) के अवसर पर लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर विभागीय प्रदर्शनी, विरासत फोटो प्रदर्शनी, हेरिटेज इंजन, फव्वारा और टॉय ट्रेन जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं।गौरव अग्रवाल ने बताया कि मंडल में कुल 5.33 करोड़ यात्री आवागमन दर्ज किया गया, जबकि माल यातायात में चार प्रतिशत वृद्धि हुई। चालू वित्तीय वर्ष में यात्री आय से 1409.18 करोड़ रुपये तथा माल लदान से 245.53 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। पार्सल आय के क्षेत्र में 17.72 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड आय दर्ज की गई।संरक्षा के क्षेत्र में अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक मंडल में कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। इस दौरान 69 सुरक्षा अभियान चलाए गए और 18 सुरक्षा परिपत्र जारी किए गए। पर्यावरण संरक्षण के तहत 3 लाख 27 हजार पौधरोपण किए गए तथा मगहर, खलीलाबाद, बादशाहनगर और ऐशबाग स्टेशनों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए, जिससे मंडल की कुल सौर क्षमता 3500 किलोवाट हो गई। वर्ष 2025-26 में सौर ऊर्जा से लगभग 74 लाख रुपये की बचत दर्ज की गई।रेल संपत्ति चोरी के 30 मामलों में 63 व्यक्तियों की गिरफ्तारी कर 2.53 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई। प्रतिबंधित सामान की तस्करी से जुड़े मामलों में 86.75 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। अवैध फेरी, धूम्रपान और चेन पुलिंग के मामलों में 1082 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया।कर्मचारी कल्याण के अंतर्गत 15 गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जबकि दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटर और व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। 730 कर्मचारियों एवं आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। खेल क्षेत्र में महिला और पुरुष खिलाडिय़ों ने अखिल भारतीय रेलवे प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर मंडल का गौरव बढ़ाया।समारोह की शुरुआत पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) भुवनेश सिंह, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी, शाखाधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों के प्रतिनिधि, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने किया।उल्लेखनीय है कि महाप्रबंधक स्तर पर आयोजित 70वें रेल सप्ताह समारोह ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025Ó में लखनऊ मंडल के 18 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लखनऊ मंडल को 16 अंतरमंडलीय कार्यकुशलता शील्ड और ट्रॉफियां भी प्रदान की गईं, जिनमें इंजीनियरिंग, वाणिज्य, राजभाषा, ऊर्जा दक्षता, सिग्नल, कार्मिक, नवाचार, स्वच्छता और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों की उपलब्धियां शामिल हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

