लखनऊ 18 मई (आरएनएस )। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रविवार को प्रमुख मुख्य चल स्टॉक इंजीनियर जावेद अहमद, मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) भुवनेश सिंह तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ऐशबाग कोचिंग डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, संरक्षा, साफ-सफाई तथा ऊर्जा दक्षता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।महाप्रबंधक ने डिपो में महिला एवं पुरुष कर्मचारियों के लंच रूम को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शौचालयों, चेंजिंग रूम तथा स्टाफ कैंटीन की साफ-सफाई और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।निरीक्षण के दौरान उदय बोरवणकर ने वातानुकूलित कोचों में सफाई व्यवस्था, शीतलन प्रणाली तथा अग्नि एवं धुआं पहचान प्रणाली की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने पावर कार, पिट लाइन पर चल रहे सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा क्रेन संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की भी समीक्षा की।महाप्रबंधक ने सिक लाइन पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और कियोस्क स्थापित करने, डिपो प्रशिक्षण केंद्र के सम्मेलन कक्ष में इंटरएक्टिव स्क्रीन लगाने तथा डिपो में विद्युत एवं जल उपयोग में 10 प्रतिशत कमी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग के साथ संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर सुरक्षा एवं संरक्षा विषय पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) नीलेश सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर मनीष गंगवार तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कन्नौजिया द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन), वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य), वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) सहित कोचिंग डिपो के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

