सारंगढ़ बिलाईगढ़ 18 मई (आरएनएस) छत्तीसगढ़ बॉर्डर पार कर उत्तर प्रदेश तक गांजे की बड़ी खेप पहुंचाने का खेल उस वक्त ध्वस्त हो गया जब पुलिस ने कार की सीट और डिक्की से 25 पैकेट गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोच लिया। पुलिस कार्रवाई में 50 किलो 890 ग्राम अवैध गांजा, दो कारें और 6 मोबाइल जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 18 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा बिक्री करने के बाद खरीददारों को छत्तीसगढ़ बॉर्डर पार कराने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार क्रमांक UP-71 BJ-6017 को रोककर उसमें बैठे लोगों से पूछताछ शुरू की गई। वाहन चालक मोहम्मद आजम पिता असलम अली उर्फ मोहम्मद असलम उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम दुदौली जलालपुर, चौकी छिवलहा, थाना हथगांव, जिला फतेहपुर उत्तर प्रदेश तथा उसका साथी रंगनाथ कोरी पिता धुनीलाल कोरी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम चारूहर बीक, पोस्ट ऑफिस गोड़ा, थाना गदागंज, जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश वाहन में बैठे मिले। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गांजा बिक्री करने के बाद खरीददारों को छत्तीसगढ़ बॉर्डर पार कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों की तलाशी लेकर हुंडई ऑरा कार की गहन जांच की तो कार की बीच वाली सीट में 4 पैकेट और पीछे डिक्की में 21 पैकेट खाकी रंग के टेप से लिपटा हुआ गांजा बरामद हुआ। कुल 25 पैकेटों में 50 किलो 890 ग्राम अवैध गांजा मिला जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के कंधमाल से लेकर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से गांजा परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों कोई कागजात पेश नहीं कर सके और लिखित में भी स्वीकार किया कि उनके पास कोई वैध अनुमति नहीं है। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 25 पैकेट गांजा, हुंडई ऑरा कार क्रमांक UP-71 BJ-6017, हुंडई आई-10 कार क्रमांक OR-05 AL-0467 और 6 मोबाइल फोन जब्त कर लिए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 18 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर 18 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सउनि सुमन कुमार चौहान और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है कि आखिर ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले इस नशे के कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं। बहरहाल, हाईवे के रास्ते नशे की तस्करी करने वालों के लिए यह कार्रवाई बड़ा संदेश है कि अब पुलिस की नजर हर संदिग्ध सफर पर टिकी हुई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

