दुर्ग 19 मई (आरएनएस) शहर में देर रात मामूली वाहन टक्कर ने देखते ही देखते खूनी बवाल का रूप ले लिया, सड़क पर गाड़ियां गिरीं, फिर गालियां गूंजीं, डंडे और पत्थर चले, सिर फूटे और बीच-बचाव करने पहुंचे लोग भी हमले का शिकार हो गए, लेकिन पद्मनाभपुर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। घटना 14 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है, जब प्रार्थी अपने मित्र के साथ होटल से खाना खाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान विशाल मेगा मार्ट के सामने आरोपी लोकेश्वर साहू निवासी बोरसी थाना पद्मनाभपुर दुर्ग ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए प्रार्थी की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन चालक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मामला शांत होने के बजाय हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि लोकेश्वर साहू, अंकित परगनिहा निवासी कसारीडीह वार्ड क्रमांक 44 दुर्ग, ओमप्रकाश उर्फ बप्पी देवांगन निवासी बोरसी सुभाष चौक दुर्ग और एक विधि से संघर्षरत बालक ने एक राय होकर प्रार्थी और उसके साथियों को घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर डंडे तथा पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के सिर, आंख और कंधे में गंभीर चोटें आईं। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों को भी नहीं छोड़ा गया। मारपीट के दौरान केलाबाड़ी निवासी शकील खान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में गंभीर चोट आई है और उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही थाना पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 279/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल की जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस अब मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। बहरहाल, विशाल मेगा मार्ट के सामने हुई यह हिंसक वारदात एक बार फिर बता गई कि सड़क पर गुस्से का एक पल कई जिंदगियों को खतरे में डाल सकता है और छोटी सी टक्कर भी शहर में बड़े बवाल की वजह बन सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

