दुर्ग 19 मई (आरएनएस) सायरन बजाती एम्बुलेंस ट्रैफिक में फंसती उससे पहले दुर्ग यातायात पुलिस ने ऐसा ग्रीन कॉरिडोर बनाया कि जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा मरीज सिर्फ 7 मिनट में अस्पताल पहुंच गया और हर चौराहे पर खाकी ने वक्त से लड़ते हुए रास्ता साफ कर मानवता की मिसाल पेश कर दी। मंगलवार 19 मई 2026 को बीएम शाह हॉस्पिटल सुपेला में भर्ती गंभीर मरीज सलीम अली उम्र 38 वर्ष निवासी सेक्टर-02 की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए शंकराचार्य हॉस्पिटल जुनवानी रेफर किया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस दुर्ग की टीम अलर्ट मोड में आ गई और सुपेला से जुनवानी तक पूरे रूट पर ग्रीन कॉरिडोर तैयार कर दिया गया। सड़क पर दौड़ती एम्बुलेंस के आगे-आगे पुलिस जवान ट्रैफिक हटाते रहे और हर सिग्नल पर वाहनों को रोककर रास्ता खाली कराया गया ताकि मरीज को एक सेकंड की भी देरी न हो। भीड़भाड़ और ट्रैफिक दबाव के बावजूद पुलिस की त्वरित प्लानिंग और समन्वय का असर ऐसा रहा कि एम्बुलेंस बिना किसी रुकावट के मात्र 7 मिनट में शंकराचार्य हॉस्पिटल पहुंच गई जहां मरीज को समय पर उपचार मिल सका। पूरे ऑपरेशन में यातायात पुलिस दुर्ग की टीम ने तेजी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क पर एम्बुलेंस या अन्य आपातकालीन वाहनों को देखते ही तुरंत साइड दें क्योंकि कुछ मिनटों की देरी किसी की जिंदगी छीन सकती है। बहरहाल, दुर्ग की सड़कों पर दौड़ा यह ग्रीन कॉरिडोर सिर्फ ट्रैफिक मैनेजमेंट नहीं बल्कि इंसानियत को जिंदा रखने की मिसाल बन गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

