दुर्ग 19 मई (आरएनएस) बाजार गए परिवार को क्या पता था कि कुछ ही मिनटों में उनका घर चोर का निशाना बन जाएगा, लेकिन दुर्ग की स्मृतिनगर पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि चोरी के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया और उसके कब्जे से सोने का लॉकेट, नगदी रकम और करीब 70 नग विदेशी मुद्रा बरामद कर ली गई। मामला थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर क्षेत्र का है जहां सड़क नंबर-03 स्थित एक मकान में 17 मई 2026 को चोरी की वारदात हुई। प्रार्थी घरेलू सामान लेने बाजार गया था और घर सूना पाकर आरोपी अंदर घुस गया। वापस लौटने पर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और विदेशी मुद्रा गायब मिले तो इलाके में हड़कंप मच गया। शिकायत मिलते ही चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 696/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत एक्टिव हुई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस का शक स्मृतिनगर निवासी मनोज सबरी उम्र 23 वर्ष पर गया जो जायका बेकरी के पास रहता है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने घर की सुनसान स्थिति का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया एक सोने का लॉकेट, नगदी रकम और लगभग 70 नग विदेशी मुद्रा बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की चर्चा पूरे इलाके में रही। बहरहाल, दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर खाली छोड़ते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूर करें क्योंकि चोर सिर्फ मौके की तलाश में रहते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

