चाचा ने अपनी मां के साथ मिलकर हंसिया से गला रेता, पांच हिरासत में
प्रयागराज 19 मई (आरएनएस )। औद्योगिक थाना क्षेत्र में नाबालिग चाचा ने अपनी मां के साथ मिलकर 8 साल की भतीजी की हत्या कर दी। उसका शव भूसे के कमरे में खून से लथपथ पड़ा मिला। आरोपियों ने हंसिया से पहले बच्ची का गला रेता। फिर उसके सीने और पेट में 8 वार किए।
पुलिस ने बच्ची की चचेरी दादी, दादा समेत 5 लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि मुख्य आरोपी नाबालिग चाचा फरार है। बच्ची सोमवार शाम करीब 6 बजे घर के बाहर से लापता हो गई थी। रात करीब 12 बजे आरोपी महिला के बड़े बेटे ने शव के बारे में बच्ची के घरवालों को जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार औद्योगिक थाना क्षेत्र के व्योहरा गांव के रहने वाले सुनील कुमार चौधरी राजमिस्त्री हैं। परिवार में पत्नी इंदु देवी और 4 बच्चे हैं। बच्चों में जान्हवी (8), मानवी (6), सुमित (5) और शुभ्यांशु (3) हैं। उनकी बड़ी बेटी जान्हवी कक्षा 2 की छात्रा है। सोमवार को वह घर के बाहर खेल रही थी। शाम करीब 6 बजे वह अचानक लापता हो गई।
घरवालों ने पूरे गांव में उसे खोजा। मगर उसका पता नहीं चला। रात करीब 12 बजे बच्ची का बड़ा चाचा करन सुनील के घर पहुंचा। उसने बताया कि जान्हवी का शव मेरे घर के अंदर भूसे वाले कमरे में पड़ा है। जान्हवी की मां इंदू और सुनील मौके पर पहुंचे। मगर आरोपियों ने उन्हें घर के अंदर घुसने नहीं दिया। इसके बाद सुनील ने पुलिस को फोन कर दिया।
हत्या की सूचना मिलने पर एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह, औद्योगिक थाना प्रभारी कमलेश कुमार और करछना थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने पुलिस को भी पहले घर के अंदर नहीं घुसने दिया।
मगर जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो आरोपी पीछे हट गए। पुलिस के साथ जान्हवी की मां इंदू और पिता सुनील भी अंदर गए। उन्होंने देखा कि जान्हवी का शव खून से लथपथ भूसे के ऊपर पड़ा था। उसके पेट, सीने में हंसिया से वार किया गया था। गर्दन को रेता गया था। बच्ची का शव देखकर इंदू बेहोश होकर गिर पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
घरवालों ने बच्ची की हत्या का आरोप चचेरे दादा, दादी और उनके दो बेटों पर लगाया। पुलिस ने 5 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ने बताया कि मेरा छोटा बेटा बच्ची को घर लेकर आया था। वह उसे आपत्तिजनक वीडियो दिखा रहा था। हमें डर था कि कहीं बच्ची किसी को कुछ बता न दें, इसलिए उसे मार डाला। वहीं बच्ची की दादी ने कहा जैसे मेरी बच्ची तड़पी है, वैसे ही आरोपियों को भी तड़पाया जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

