लखनऊ 19 मई (आरएनएस )। राजधानी के निगोहां क्षेत्र में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दहेज उत्पीडऩ और मानसिक प्रताडऩा के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। परिजनों की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी भारतीय सेना में तैनात बताया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक, 15 मई 2026 को थाना निगोहां पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कांटा करौदी में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि 29 वर्षीय अमीषा यादव ने अपने घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।मामले ने नया मोड़ तब लिया जब 17 मई 2026 को मृतका के भाई धीरेन्द्र विक्रम राज सिंह ने थाना निगोहां में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अमीषा यादव ने वर्ष 2022 में विक्रांत यादव से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद पति, सास और ससुर द्वारा दहेज की मांग को लेकर मृतका को मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाने लगा।तहरीर में आरोप लगाया गया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर मृतका को मायके में ही जीवन बिताने की धमकी दी जाती थी। परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक उत्पीडऩ से परेशान होकर अमीषा ने आत्मघाती कदम उठाया।परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना निगोहां में मुकदमा संख्या 52/2026 दर्ज किया गया। इसमें पति विक्रांत यादव, ससुर गजेन्द्र सिंह और सास कविता को नामजद किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज की निगरानी में की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में 19 मई 2026 को पुलिस ने आरोपी पति विक्रांत यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बागपत जनपद के थाना बालैनी क्षेत्र स्थित ग्राम शाहजहांपुर तिशोत्रा उर्फ नवादा का निवासी है और भारतीय सेना में कार्यरत है। वर्तमान में उसकी तैनाती पुणे में बताई गई है।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020-21 में सोशल मीडिया मंच “स्द्धड्डड्डस्रद्ब.ष्शद्व” के माध्यम से उसकी और अमीषा की बातचीत शुरू हुई थी। बाद में दोनों की मुलाकात दिल्ली में हुई और प्रेम संबंध के चलते वर्ष 2022 में कोर्ट मैरिज कर ली। आरोपी के अनुसार, शुरुआती समय में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में आपसी मतभेद बढऩे लगे, जिसके चलते अमीषा पिछले लगभग तीन वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

