लखनऊ 19 मई (आरएनएस )। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना गोसाईगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों तथा सम्भ्रांत लोगों के साथ संवाद कर त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की।बैठक की अध्यक्षता प्रशिक्षु आईपीएस सारिका चौधरी एवं प्रभारी निरीक्षक गोसाईगंज डी.के. सिंह ने की। इस दौरान उपस्थित लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचने के लिए जागरूक किया।प्रशिक्षु आईपीएस सारिका चौधरी ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद पुलिस की ओर से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पुलिस लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।प्रभारी निरीक्षक गोसाईगंज डी.के. सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि थाना पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

