—- सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं अभिलेखों की स्थिति की हुआ गहन समीक्षा।
कुशीनगर, 19 मई (आरएनएस)। जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, सीलिंग प्रक्रिया तथा अभिलेखों के रख-रखाव की गहन जांच की।
निरीक्षण के समय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं की स्थिति का परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने गोदाम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास नियंत्रण प्रणाली, डबल लॉक व्यवस्था, सील की स्थिति तथा अभिलेखों के नियमित संधारण की विस्तार पूर्वक जानकारी हासिल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी निगरानी प्रणाली निरंतर सक्रिय रहे तथा रिकॉर्डिंग का नियमित परीक्षण भी किया जाए। साथ ही सीलिंग प्रक्रिया एवं अभिलेखों के संधारण में पूर्ण पारदर्शिता एवं सावधानी बरती जाए।
उन्होंने नियमित अंतराल पर गोदाम का निरीक्षण एवं सत्यापन कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सहित निर्वाचन कार्यालय के समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

