—- स्कूल चलो अभियान, निपुण भारत मिशन एवं छात्र नामांकन की प्रगति की समीक्षा के उपरांत योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया विशेष जोर।
कुशीनगर, 19 मई (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग से संबंधित शासन द्वारा निर्धारित विभिन्न बिंदुओं एवं योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नवीन नामांकन की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही कक्षा 8 से 9 में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के विवरण सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत निपुण विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण विकसित किया जाए तथा बच्चों की अधिगम क्षमता में सुधार हेतु निरंतर प्रयास किए जाएं। बैठक में आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिन्हित कर उनका पुन: विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे बच्चों की सूची तैयार कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। दिव्यांग बच्चों की प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति अंकन की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी बच्चों की उपस्थिति नियमित रूप से ऑनलाइन दर्ज की जाए। इसके अतिरिक्त आरटीई के अंतर्गत निजी विद्यालयों में बच्चों के नामांकन प्रतिशत की भी समीक्षा की गई तथा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, छात्राओं के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं टेंडर प्रक्रिया की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि छात्राओं को सभी सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए। बैठक में एआरपी द्वारा विद्यालयों में किए जा रहे सपोर्टिव सुपर विजन की प्रगति की समीक्षा करते हुए विद्यालयों के नियमित निरीक्षण एवं शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार हेतु प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप शिक्षा संबंधी सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक एवं समिति के अंतर्गत संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

