—- आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं विद्यालयी व्यवस्थाओं में सुधार लाने पर दिया गया विशेष जोर।
कुशीनगर, 19 मई (आरएनएस)। जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकास खण्ड विशुनपुरा के विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में विकास खण्ड के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की विभागवार विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान शिक्षा, कृषि, बाल विकास, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित सभी संबंधित विभागों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। बताया गया कि निर्धारित 41 सीएचओ के सापेक्ष मात्र 12 की ही तैनाती है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने रिक्त पदों को शीघ्र भरने एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के नामांकन की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर पाए जाने तथा अन्य कार्यों में उदासीनता पर मुख्य विकास अधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित सीडीपीओ को कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए नामांकन बढ़ाने, बच्चों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने तथा केंद्रों के नियमित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालयों की स्थिति एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापकों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए रिक्त पदों को पूर्ण कराने एवं शिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी को भी विद्यालयों के संचालन एवं शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वयं सहायता समूहों के गठन, वीसी सखी कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। सीडीओ ने निर्देशित किया कि विकास खण्ड एवं जनपद स्तर के सभी विभाग नियमित रूप से समन्वय बैठक आयोजित करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सर्वे एवं निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। जिससे निरीक्षण में पाई जाने वाली कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी सहित समस्त संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं विकास खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

