-तुलसी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन
अयोध्या 19 मई (आरएनएस ) पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्कर्ष ग्लोबल फाउंडेशन के तत्वावधान में मंगलवार को अयोध्या में स्थित तुलसी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में भव्य पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से चित्रित किया। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक की करीब 80 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने चार्ट पेपर पर स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त भारत की कल्पना को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का संचालन उत्कर्ष ग्लोबल फाउंडेशन के जिला समन्वयक कार्तिक कुमार ने प्रभारी प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम राव के सहयोग से किया। इस दौरान कार्तिक कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में युवा पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति विद्यार्थियों में ही निहित है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नमामि गंगे की डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट ऑफिसर श्वेता साहू मौजूद रहीं। उन्होंने छात्राओं की पेंटिंग्स की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्लास्टिक उन्मूलन को समय की आवश्यकता बताते हुए लोगों से जागरूक होने की अपील की।
प्रतियोगिता में कस्तूरी ने प्रथम, शालिनी ने द्वितीय तथा मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि द्वारा विजेता छात्राओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सात अन्य छात्राओं को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उत्कर्ष ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से सभी छात्राओं को पर्यावरण प्रहरी बनने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय प्रशासन ने फाउंडेशन के इस अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रवक्ता निधि सिंह परिहार, रविन्द्र नारायण दूबे, कुलभूषण कुमार, अर्चिता उपाध्याय, अर्पिता उपाध्याय समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

