राजनांदगांव 19 मई (आरएनएस) रिश्ते की आड़ में भरोसा जीतकर युवती को शराब पिलाई गई और फिर खेत में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन मोहारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला राजनांदगांव जिले की चौकी मोहारा क्षेत्र का है, जहां 17 मई 2026 को पीड़िता अपनी नानी के क्रियाकर्म में शामिल होने ग्राम छपारा आई हुई थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला हरिचंद्र साहू, जो पीड़िता को रिश्ते में “भांजी” कहकर बुलाता था, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी ने पहले कोल्ड्रिंक में शराब मिलाकर पीड़िता को पिलाई और फिर खेत की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने चौकी मोहारा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर थाना डोंगरगढ़ चौकी मोहारा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुमेंद्र कुमार खरे और पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने ग्राम छपारा निवासी आरोपी हरिचंद्र साहू पिता बुधराम साहू उम्र 42 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 18 मई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में मोहारा पुलिस चौकी स्टाफ की अहम भूमिका रही। बहरहाल, यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि रिश्तों की आड़ में छिपे अपराधी समाज के लिए कितना बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं और ऐसे मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई ही पीड़ितों को न्याय दिलाने का सबसे बड़ा सहारा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

