जांजगीर-चांपा, 19 मई (आरएनएस)। जांजगीर-चांपा पुलिस के थाना बलौदा पुलिस को नाबालिग बालिका को भगाकर ले जाने, अनाचार करने और आत्महत्या के प्रयास के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह नर्मदा उर्फ ननकु उम्र 36 वर्ष निवासी रसौटा थाना बलौदा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को एक नाबालिग बालिका दोपहर करीब 1 बजे च्वाइस सेंटर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद थाना बलौदा में गुम इंसान क्रमांक 58/2025 एवं अपराध क्रमांक 24/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बलौदा पुलिस लगातार बालिका और आरोपी की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह नर्मदा उर्फ ननकु को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नाबालिग को अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल में बैठाकर भगा ले गया था।
आरोपी ने यह भी बताया कि बदनामी के डर से उसने खुद और अपहृता को कीटनाशक दवा पिलाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 137(2), 64(2)(एम), 109(1), 123 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, एसआई सुनील कुमार टैगोर, आरक्षक रामकुमारी मार्को, अनुज खरे और सुमित श्रीवास का विशेष योगदान रहा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

