जांजगीर-चांपा, 19 मई (आरएनएस)। जांजगीर-चांपा पुलिस को हाई स्कूल मड़वा में हुई चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद कर लिए हैं। बरामद सामग्री में टीवी, लैपटॉप, प्रोजेक्टर सहित अन्य सामान शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मड़वा के शिक्षक ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई की शाम स्कूल बंद करने के बाद 18 मई की सुबह स्कूल का ताला टूटा मिला। जब स्टाफ स्कूल पहुंचा तो प्राचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम के ताले टूटे हुए थे तथा कार्यालय के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर स्टाफ रूम में लगा टीवी, प्रोजेक्टर और कार्यालय में रखा लैपटॉप चोरी कर ले गए थे। साथ ही प्रयोगशाला और कार्यालय के सामान में भी तोडफ़ोड़ की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें आरोपी उमेश बंजारे उर्फ ननकी निवासी औराईकला को हिरासत में लिया गया। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया टीवी, लैपटॉप और प्रोजेक्टर बरामद कर लिया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक शंकर राजपूत और तोरन डहरिया की विशेष भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

