कोंडागांव, 19 मई (आरएनएस)। बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने भारत के गृह मंत्री अमित शाह को भगवान गणेश की विशेष शिल्पकृति भेंट कर बस्तर की कला का गौरव बढ़ाया।
यह अद्वितीय शिल्पकृति बस्तर की पारंपरिक कला, आध्यात्मिक भावनाओं और स्थानीय शिल्प कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस कृति की अवधारणा एवं कलात्मक दृष्टि प्रसिद्ध मूर्तिकार सुशील सखूजा द्वारा विकसित की गई, जबकि इसे मूर्त रूप देने में आर्टिजन मदन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोनों के समन्वित प्रयास से तैयार यह शिल्पकृति पारंपरिक बस्तर कला और आधुनिक रचनात्मकता का सुंदर संगम प्रस्तुत करती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह शिल्पकृति केवल एक कलात्मक प्रस्तुति नहीं, बल्कि बस्तर की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और शिल्प कौशल का प्रतीक है। राष्ट्रीय नेतृत्व को इस प्रकार की कृति भेंट किए जाने से स्थानीय कलाकारों को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर को बस्तर के शिल्पकार समुदाय के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इससे न केवल पारंपरिक कला को व्यापक मंच मिलेगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुडऩे की प्रेरणा मिलेगी।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भेंट कर उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, किरण सिंह देव, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, महेश कश्यप, विधायक नीलकंठ टेकाम, आशाराम नेताम, चैतराम अटामी, कमलचंद्र भंजदेव, सेवकराम नेताम, संजय पांडे, बैदूराम कश्यप सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

