कोरबा 20 मई (आरएनएस) हादसा, मेडिकल इमरजेंसी, महिलाओं की सुरक्षा या सड़क पर कोई भी संकट… अब कोरबा में मदद के लिए पुलिस पहले से कहीं ज्यादा तेजी से मौके पर पहुंचेगी। कोरबा पुलिस को “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा के तहत 22 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन मिले हैं, जिनसे जिले की सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक और बेहद मजबूत बना दिया गया है। रायपुर में आयोजित बड़े राज्यस्तरीय कार्यक्रम में अमित शाह और विष्णु देव साय ने पूरे प्रदेश के 33 जिलों के लिए 400 से ज्यादा आधुनिक वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी अभियान के तहत कोरबा जिले को मिले 22 हाईटेक वाहनों का शुभारंभ किया गया, जिन्हें जिले के अलग-अलग संवेदनशील और महत्वपूर्ण इलाकों में तैनात किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में आम नागरिकों तक तुरंत सहायता पहुंच सके। इन अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, GPS, वायरलेस रेडियो, PTZ कैमरा, डैश कैमरा, मोबाइल NVR और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक तकनीकें लगाई गई हैं, जिससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार संभव हो सकेगा। खास बात यह है कि अब नागरिक केवल फोन कॉल ही नहीं बल्कि SMS, ईमेल, वेब पोर्टल, WhatsApp, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी मदद मांग सकेंगे। डायल-112 सेवा को “एक्के नम्बर, सब्बो बर…” के स्लोगन के साथ आम जनता की लाइफलाइन बताया जा रहा है। पुलिस विभाग का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, मेडिकल इमरजेंसी और अन्य संकट की स्थितियों में अब पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी रिस्पॉन्स मिलेगा। इन संसाधनों को लेने और संचालन की तैयारी के लिए कोरबा जिले के 24 अधिकारी और कर्मचारी रायपुर में मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ शासन की इस पहल को राज्य में तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। बहरहाल, कोरबा की सड़कों पर दौड़ते ये हाईटेक डायल-112 वाहन साफ संकेत दे रहे हैं कि अब संकट की हर घड़ी में मदद सिर्फ एक कॉल दूर होगी।


