मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 20 मई (आरएनएस) अब हादसा हो, अपराध हो, आग लगे या मेडिकल इमरजेंसी—मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मदद के लिए पुलिस की हाईटेक गाड़ियां मिनटों में मौके पर पहुंचेंगी, क्योंकि जिले में डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जनरेशन सेवा का भव्य शुभारंभ कर दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ शासन की ओर से जिले को मिली 4 अत्याधुनिक Emergency Response Vehicles (ERV) को बुधवार 20 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह (भा.पु.से.), जिला कलेक्टर श्रीमती तूलिका प्रजापति और भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह मौजूद रहीं।
इन नई डायल-112 गाड़ियों में GPS Tracking System, Mobile Data Terminal (MDT), GIS आधारित निगरानी प्रणाली, Location Based Service (LBS) और Emergency Location Service (ELS) जैसी आधुनिक तकनीकें लगाई गई हैं, जिससे कंट्रोल रूम को घटना की सटीक लोकेशन तुरंत मिलेगी और पुलिस की प्रतिक्रिया पहले से कहीं ज्यादा तेज होगी। अधिकारियों ने बताया कि डायल-112 सिर्फ पुलिस सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि एकीकृत आपातकालीन सेवा के रूप में एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, प्राकृतिक आपदा सहायता, नेशनल हाईवे सहायता और रेल मदद जैसी कई जरूरी सेवाएं भी एक ही नंबर “112” पर उपलब्ध करा रही है। कार्यक्रम में जिला पंचायत CEO श्रीमती भारती चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दिलीप वर्मा, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी दुर्घटना, अपराध, आगजनी या संकट की स्थिति में बिना घबराए तुरंत डायल-112 पर संपर्क करें ताकि त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके। बहरहाल, जिले में शुरू हुई यह हाईटेक आपातकालीन सेवा सिर्फ पुलिसिंग नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा का नया भरोसा बनकर सामने आई है।


