धमतरी, 20 मई (आरएनएस)। धमतरी जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा लगातार नए प्रयास कर रहे हैं। जिले में पदस्थापना के बाद से ही उन्होंने खेल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए कई खेल मैदानों एवं बॉक्स क्रिकेट मैदानों की स्वीकृति प्रदान की है। इसी क्रम में नगरी नगर पंचायत क्षेत्र के युवाओं को एक बड़ी सौगात मिली है।

नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा उपाध्यक्ष विकास बोहरा सभापति अश्वनी निषाद एवं समस्त जनप्रतिनिधियों द्वारा वार्ड क्रमांक 7 स्थित हाई स्कूल मैदान में नगर के युवा खिलाडिय़ों एवं क्रिकेट प्रेमियों के लिए आधुनिक बॉक्स क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की मांग कलेक्टर अविनाश मिश्रा से की गई थी। कलेक्टर ने युवाओं की खेल प्रतिभा और उनके स्वस्थ भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग को सहर्ष स्वीकार किया तथा नेट बॉक्स क्रिकेट स्टेडियम निर्माण हेतु 19 लाख 89 हजार रुपये की राशि स्वीकृत कर दी। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी जिले को ऐसा संवेदनशील एवं सक्रिय कलेक्टर मिला है, जो लगातार ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का दौरा कर आम जनता की समस्याओं को सरलता से सुनते हैं और उनके निराकरण के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि नगरी क्षेत्र के विकास एवं खिलाडिय़ों के भविष्य को लेकर कलेक्टर की विशेष रुचि स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

छाबड़ा ने आगे कहा कि यह बॉक्स क्रिकेट मैदान नगर के युवाओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यहां अभ्यास कर खिलाड़ी न केवल नगरी और धमतरी जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम खेल जगत में रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर नगरवासियों को सर्वसुविधायुक्त आधुनिक बॉक्स क्रिकेट स्टेडियम की सौगात दी जाएगी।इस सौगात को स्वीकृति प्रदान करते हुए जिलाधीश अविनाश मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेलो को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रही है और जिले के आदिवासी अंचल में खेल प्रतिभाओं को समुचित वातावरण व सुविधा प्रदान कर उन्हें प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का माध्यम बन सके यही हमारा प्रयास है।नगरी अंचल की खेल प्रतिभाएं इस सुविधा का लाभ लेकर अपने सपनो को साकार कर जिला सहित प्रदेश का नाम रौशन करे यही हमारी कामना है।
बॉक्स क्रिकेट मैदान की स्वीकृति मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा उपाध्यक्ष विकास बोहरा सभापति अश्वनी निषाद शंकर देव विनीता कोठारी अलका साव पार्षद राजा पवार देवचरण ध्रुव मिक्की गुप्ता नरेश पटेल चेलेश्वरी साहू जयंती टुकेश्वरी साहू डागेश्वरी साहू अंबिका ध्रुव यश करण पटेल हरीश साहू सहित सीएमओ यशवंत वर्मा इंजीनियर परमेश ध्रुव ने जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा का आभार व्यक्त किया है एवं खिलाडिय़ों एवं नगरवासियों में हर्ष का वातावरण है। सभी ने धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
0

